Monday, July 20th, 2026

नॉर्वे चेस: कार्लसन की वापसी, गुकेश अंक तालिका में सबसे नीचे खिसके

ओस्लो

 विश्व नंबर एक मैग्नस कार्लसन ने नार्वे शतरंज टूर्नामेंट में शानदार वापसी करते हुए मौजूदा क्लासिकल विश्व चैंपियन डी गुकेश को गुरुवार को करारी शिकस्त दी, जिससे युवा भारतीय खिलाड़ी अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर पहुंच गए।

वहीं, आर प्रगनानंद ने विंसेंट कीमर को आर्मगेडन टाईब्रेक में हराकर दूसरा स्थान बरकरार रखा।

कार्लसन की दमदार वापसी
सात बार के नॉर्वे शतरंज चैंपियन कार्लसन ने टूर्नामेंट की धीमी शुरुआत के बाद जोरदार वापसी की। इस जीत से उन्हें पूरे तीन अंक मिले और वह अंतिम स्थान से चौथे स्थान पर पहुंच गए। दूसरी ओर, निराश गुकेश मुकाबले के बाद मुख्य द्वार से बचते हुए पीछे के दरवाजे से बाहर निकल गए, जबकि बाहर बड़ी संख्या में युवा प्रशंसक उनके ऑटोग्राफ का इंतजार कर रहे थे।

फिरोजा का जलवा
शुक्रवार को विश्राम दिवस से पहले अलीरेजा फिरोजा शीर्ष पर बने हुए हैं। हालांकि फिरोजा को अमेरिका के वेस्ली सो के विरुद्ध टूर्नामेंट की पहली हार झेलनी पड़ी। वेस्ली ने क्लासिकल मुकाबला ड्रॉ रहने के बाद आर्मगेडन में उन्हें पराजित किया। इसके बावजूद फिरोजा ने एक अंक हासिल कर 8.5 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर बने हुए है।

प्रगनानंद छह अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वेस्ली सो 5.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर काबिज हैं, जबकि कार्लसन 4.5 अंकों के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गए। कीमर के खाते में चार अंक हैं। मौजूदा विश्व चैंपियन गुकेश 3.5 अंकों के साथ सबसे नीचे हैं।

 

 

#Norway Chess

Source : Agency

आपकी राय

6 + 5 =

पाठको की राय