छत्तीसगढ़ / नक्सली रमन्ना की मौत , डेढ़ करोड़ का इनामी था,मौत के बाद सामने आई उसकी एक तस्वीर

जगदलपुर: छह राज्यों में वांछित नक्सली और डेढ़ करोड़ के इनामी रमन्ना की तस्वीर उसकी मौत के बाद सामने आई है। बताया जा रहा कि पुलिस रिकॉर्ड तक में उसकी 30 साल पुरानी ही फोटो थी। यह तस्वीर शनिवार को नक्सलियों के केंद्रीय प्रवक्ता विकल्प ने अपने एक प्रेसनोट के साथ जारी की।
लंबी बीमारी के बाद रमन्ना की मौत की खबर करीब सप्ताहभर से चल रही थी, लेकिन इसकी पुष्टि कोई नहीं कर रहा था। गुरुवार को केंद्रीय प्रवक्ता विकल्प ने कुछ मीडियाकर्मियों को फोन कर रमन्ना की मौत का दावा किया था। रमन्ना जगदलपुर जिला जेल से 25 जून 1989 को दो अन्य नक्सलियों के साथ फरार हो गया था। उसके बाद पुलिस न तो उसे ढूंढ़ पाई न उसकी कोई तस्वीर मिली।
रमन्ना पर छत्तीसगढ़ में 40 लाख का इनाम था। इसके अलावा झारखंड, महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना और आंध्रप्रदेश में भी उस इनाम था। रमन्ना की तस्वीर लाने वाले को भी पुलिस लाखों रुपये का इनाम देने की बात कह चुकी थी। शनिवार को नक्सलियों ने दो पर्चे जारी किए हैं। पहले में तिम्मापुर, मोरपल्ली में पुलिस ज्यादतियों का विरोध करने की बात कही है, दूसरे में रमन्ना की तस्वीर के साथ कहा गया है कि रमन्ना के सपने को आगे बढ़ाया जायेगा और प्राकृतिक संपदाओं की लूट का विरोध किया जायेगा।