रायपुर नगर निगम द्वारा गणेश प्रतिमा अपमान का मामला पहुंचा थाने, महौपार और कर्मचारियों पर कार्रवाई करने की मांग

रायपुर नगर निगम द्वारा गणेश प्रतिमा अपमान का मामला पहुंचा थाने, महौपार और कर्मचारियों पर कार्रवाई करने की मांग

रायपुर में भगवान गणेश की प्रतिमाओं के अपमान का मामला अब थाने पहुंच गया है। भाजपा की पार्षद विश्वदिनी पांडे ने मंगलवार की शाम मोवा थाने पहुंचकर इस घटना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने ज्ञापन सौंपते हुए पुलिस से इस पूरे मामले में जांच की मांग की। पार्षद ने थाने में ये भी कहा कि रायपुर नगर निगम के महापौर एजाज ढेबर और नगर निगम के उन कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए जो विसर्जन के इस काम में लगे थे।

दरअसल सोमवार को सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें और वीडियो सामने आए थे। इनमें कचरे की गाड़ी में भगवान गणेश की प्रतिमाओं को महादेव घाट में बने अस्थाई कुंड में लाया गया था। कुछ कर्मचारी इन्हें असंवेदनशील ढंग से कुंड में फेंकते नजर आ रहे थे। यह तस्वीरें और वीडियो रविवार को शूट किए गए थे। इसी मामले में विश्वदिनी पांडे ने थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की है।

महिला पार्षद ने दैनिक भास्कर को बताया कि हम सभी हिंदू हैं और भगवान गणेश की 10 दिनों तक पूजा-अर्चना के बाद उन्हें विसर्जित किया जाता है। नगर निगम ने एक तरफ पर्यावरण के नाम पर सभी तालाबों में विसर्जन को प्रतिबंधित कर दिया है। निगम के बने अस्थाई कुंड के पास लोगों ने अपनी प्रतिमाओं को छोड़ा और निगम के कर्मचारियों ने प्रतिमाओं का अनादर किया, जो कि हम बर्दाश्त नहीं कर सकते।