कवर्धा हिंसा में भाजपा सांसद व पूर्व सांसद पर FIR, पूर्व CM रमन सिंह के बेटे अभिषेक, सांसद संतोष पांडेय समेत 14 नाम

छत्तीसगढ़ के कवर्धा शहर में झंडे को लेकर हुई हिंसा ने अब राजनीतिक रंग लेना शुरू कर दिया है। उपद्रव को लेकर शुरू हुई प्रशासनिक कार्रवाई में कई भाजपा नेताओं के नाम भी आ गए हैं। पुलिस ने भाजपा सांसद संतोष पांडेय, पूर्व CM डॉ. रमन सिंह के बेटे अभिषेक सिंह सहित 14 भाजपा नेताओं पर अशांति फैलाने के आरोप में FIR दर्ज की है। इनके ऊपर बलवा करने साथ ही सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने की धारा लगाई गई है।
शहर में 5 अक्टूबर को हुए उपद्रव के बाद पुलिस ने 3 अलग-अलग FIR दर्ज की थी। भाजपा ने जब FIR की कॉपी कोर्ट से निकलवाई, तो पता चला कि वरिष्ठ नेताओं का नाम भी जोड़े गए हैं। इनमें सांसद संतोष पांडेय, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व विधायक मोतीराम चंद्रवंशी, अशोक साहू, प्रदेश मंत्री विजय शर्मा, जिलाध्यक्ष अनिल सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष पीयूष ठाकुर, VHP जिला प्रमुख नंदलाल चंद्राकर सहित कैलाश चंद्रवंशी, राजेंद्र चंद्रवंशी, पन्ना चंद्रवंशी, उमंग पांडेय, राहुल चौरसिया, भुनेश्वर चंद्राकर के नाम शामिल हैं।
सांसद संतोष पांडेय ने कहा, ये जो PCC कहते हैं न प्रदेश कांग्रेस कमेटी को, यह दरअसल पुलिस कांग्रेस कमेटी हो गई है। प्रशासन के साथ हुई बातचीत में 59 लोगों की गिरफ्तारी के बाद इस संख्या को आगे न बढ़ाने को लेकर आश्वासन दिया गया था। इन 59 लोगों में भी जो दोषी नहीं हैं, उन्हें भी गिरफ्तार किया गया है। बाद में फिर से जो 14 नाम जोड़े गए हैं, यह राजनीतिक विद्वेष की भावना को दर्शाता है। SP मोहित गर्ग ने कहा कि मामला संवेदनशील है। इसलिए वे बिना सूची देखें नाम नहीं बता सकेंगे।