छेड़खानी के आरोपी ने जेल से बाहर आते ही महिला को सड़क पर दौड़ाकर किया हंसिये से वार

कोरबा. छत्तीसगढ़ के कोरबा में छेड़खानी और अश्लील हरकत करने के एक आरोपी ने शुक्रवार को महिला पर हमला कर दिया। आरोपी ने सड़क पर दौड़ाकर महिला पर हंसिये से कई वार किए। इस दौरान लोगों ने देखा तो आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। महिला को घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी कुछ दिन पहले ही जमानत पर जेल से छूटा था। वह महिला का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर भी वायलर कर चुका था। मामला शहर के बुधवारी-खपराभट्‌टा मोहल्ला का है।

एक तरफा प्यार के चक्कर में महिला के पीछे पड़ करता था परेशान

सीएसईबी चौकी क्षेत्र में बुधवारी के गांधी चौक के पास कुछ महीने पहले  मुंगेली के लोरमी क्षेत्र की एक महिला परिवार समेत किराए पर रहती थी। वहीं लोरमी का ही इंद्रपाल टोंडे (40) भी आकर किराए पर रहने लगा। महिला से एकतरफा प्यार के चक्कर में उसने नजदीकियां बढ़ानी शुरू कर दी। इससे परेशान होकर महिला परिवार समेत बुधवारी के ही खपराभट्‌टा क्षेत्र में जाकर किराए पर रहने लगी। सितंबर में इंद्रपाल भी पास ही किराए का मकान लेकर रहने लगा और फिर से महिला को परेशान करने शुरू कर दिया। अक्टूबर में आरोपी इंद्रपाला ने मोबाइल से महिला का आंगन में नहाते हुए वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। महिला को जब इसकी जानकारी हुई तो उसने इंद्रपाल से वीडियो हटाने के लिए कहा, लेकिन वह तैयार नहीं हुआ। इस पर महिला ने रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। कुछ दिन पहले ही वह जमानत पर छूटा था। शुक्रवार सुबह जब महिला घर में अकेली थी उसने हंसिया से हमला कर दिया। महिला बचने के लिए मोहल्ले में भागी लेकिन इंद्रपाल उसके पीछे हसिया लेकर दौड़ते हुए कई वार किए।