कोरबा : सड़क हादसे में भाजयुमो नेता संजीत सिंह सहित 2 लोगों की मौत

कोरबा : सड़क हादसे में भाजयुमो नेता संजीत सिंह सहित 2 लोगों की मौत

कोरबा में बुधवार सुबह सड़क हादसे में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता संजीत सिंह सहित 2 लोगों की मौत हो गई। एक घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा तेज रफ्तार कार और टैंकर की आमने-सामने टक्कर से हुआ है। टक्कर के बाद चालक टैंकर छोड़कर भाग निकला। हादसा कटघोरा थाना क्षेत्र में हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर के गंगापुर खुर्द निवासी संजीत सिंह (38) दो अन्य लोगों मिशन चौक निवासी प्रदुम्न सिंह (68) और लखनपुर निवासी त्रिवेंद्र सिंह (40) के साथ किसी काम से बुधवार सुबह करीब 9 बजे कार में बिलासपुर जा रहे थे। तभी कटघोरा-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर मोड़ के पास कोरबा से तेल लेकर अंबिकापुर जा रहे IOC के टैंकर से सामने भिड़ंत हो गई।

टक्कर के बाद घायल और शव अंदर फंसे

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार संजीत ही चला रहे थे। सूचना पर पुलिस पहुंची तो उनका शव अंदर बुरी तरह से फंसा हुआ था। अंदर बैठे लोग भी बुरी हालत जख्मी होकर फंसे थे। पुलिस ने उन्हें निकलवा कर अस्पताल भेजा। इस दौरान रास्ते में प्रदुम्न सिंह ने दम तोड़ दिया। त्रिवेंद्र सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे उपचार के लिए कोरबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

पुलिस बोली- तेज रफ्तार में थी कार, नियंत्रण खोया

पुलिस का कहना है कि टक्कर कार की तेज रफ्तार के चलते हुआ है। मोड़ पर अचानक सामने देख चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे के बाद टैंकर अपनी ही जगह मोड़ से पहले खड़ा मिला है, जबकि कार उसके अंदर जा घुसी। हादसे के काफी देर बाद शवों और घायलों की पहचान हो सकी। इसके बाद उनके परिजनों को सूचना दे दी गई। शवों को भी पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

युवा नेता के तौर पर थी संजीत सिंह की पहचान

हादसे में मारे गए संजीत सिंह की पहचान अंबिकापुर में युवा नेता के तौर पर थी। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा में शामिल होकर लगातार सक्रिय थे। उनके निधन पर भाजपा के साथ कांग्रेस नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया है। मृतक संजीत सिंह के चाचा और घायल चचेरा भाई बताए जा रहे हैं, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है।