महाशिवरात्रि का पावन पर्व आज, मंदिरों में भगवान शिव की पूजा-अर्चना करते लोग

महाशिवरात्रि का पावन पर्व आज, मंदिरों में भगवान शिव की पूजा-अर्चना करते लोग

महाशिवरात्रि का पावन पर्व आज है। इस पर्व के मौके पर मंदिरों को सजाया गया है। मंदिरों में लोग भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर रहे हैं। माना जाता है कि जो भी शिवभक्त सच्चे मन से प्रार्थना करता है भगवान शिव उसकी मनोकामनाएं पूरी करते हैं। लोग शिव की पूजा अर्चना करने के लिए लंबी-लंबी कतारों में मंदिर के बाहर खड़े हैं। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर झारखंडी मंदिर में शिवभक्तों ने भगवान शिव की पूजा की। वहीं दिल्ली में महाशिवरात्रि के अवसर पर मंगल महादेव मंदिर में लोगों ने पूजा-अर्चना की है।

महाशिवरात्रि का महत्व ईशान संहिता के अनुसार ‘फाल्गुनकृष्णचर्तुदश्याम् आदि देवो महानिशि। शिवलिंगतयोद्भुत: कोटिसूर्यसमप्रभ:। तत्कालव्यापिनी ग्राह्या शिवरात्रिव्रते तिथि:।’ अर्थात् फाल्गुन चतुर्दशी की मध्यरात्रि में आदिदेव भगवान शिव लिंगरूप में अमिट प्रभा के साथ उद्भूत हुए। इस रात को कालरात्रि और सिद्धि की रात भी कहते हैं। यही वजह है कि महाशिवरात्रि के पर्व को शिव साधक बड़ी धूम-धाम से मनाते हैं और पूजा और कीर्तन करते हैं।