राइफल की सफाई करने के दौरान डोंगरगढ़ थाने में चली गोली, पैर में लगने से प्रधान आरक्षक घायल

राइफल की सफाई करने के दौरान डोंगरगढ़ थाने में चली गोली, पैर में लगने से प्रधान आरक्षक घायल

राजनांदगांव. छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में गुरुवार सुबह थाने में गोली चलने से प्रधान आरक्षक घायल हो गया। गोली आरक्षक के पैर में लगी है। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान सुबह थाने पहुंचने के बाद राइफल की सफाई करने के दौरान गोली चली है। घटना के बाद आला अधिकारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है। प्रथम दृष्टया आरक्षक की लापरवाही सामने आ रही है।

प्रधान आरक्षक की लापरवाही का अंदेशा, हो सकती है कार्यवाही

जानकारी के मुताबिक, डोंगरगढ़ थाने का प्रधान आरक्षक रोहित पड़ौती अपनी ड्यूटी पर गुरुवार सुबह करीब 11 बजे थाने पहुंचा। कुछ देर बाद वह अपनी सर्विस राइफल साफ करने लगा। इसी दौरान अचानक राइफल से गोली चल गई। थाने में गोली की आवाज सुनते ही हड़कंप मच गया। मौके पर ही पूरा स्टाफ दौड़ पड़ा। स्टाफ ने देखा कि प्रधान आरक्षक रोहित को ही गोली लगी है। इस पर उन्हें तत्काल ही सीएससी लाया गया।बताया जा रहा है कि प्रधान आरक्षक रोहित पड़ौती के बाएं पैर में गोली लगी है। यहां पर प्राथमिक उपचार करने के बाद अब रोहित को राजनांदगांव स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर करने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल घायल जवान की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। इस घटना के बात पुलिस की लापरवाही भी सामने आई है। मामले की जांच भी हो सकती है।