दिव्यांग क्रिकेटर मड्डा राम को विधायक देवती कर्मा ने लिया गोद, पढ़ाई का सारा खर्च उठाएंगी

दंतेवाड़ा | छत्तीसगढ़ के धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्र दंतेवाड़ा के कटेकल्याण विकासखंड के बेंगलुर पंचायत के दिव्यांग क्रिकेटर मड्डाराम का अब स्थानीय कांग्रेस विधायक देवती कर्मा गाेद लेंगी। वह मड्डा राम की पढ़ाई का सारा खर्च उठाएंगी और अन्य खर्चे वहन करेंगी। विधायक देवती कर्मा शुक्रवार को मड्डाराम के गांव उससे मिलने के लिए पहुंची थीं। इस दौरान विधायक ने मड्डाराम के पिता डोमाराम कवासी, उसके शिक्षकों से मुलाकात कर अपनी इच्छा जताई।
दरअसल, तीन दिन पहले क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने मड्डा राम का एक वीडियो ट्वीट किया था। इसके साथ लिखा था कि यह उनके दिल को छू गया। इसके बाद ही 7वीं कक्षा में पढ़ने वाला छात्र मड्डा राम चर्चा में आ गया। विधायक देवती कर्मा ने कहा कि वे मड्डा के पिता को भरोसा दिलाना चाहतह हैं। उनके बच्चे का भविष्य बहुत उज्ज्वल है।
आज से मड्डाराम की सारी जवाबदारी मेरी है। मड्डाराम की माता भीमे कवासी ने कहा कि अब मेरे बेटे को लेकर सारी चिंता दूर हो गई। वहीं कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने भी अफसरों के ज़रिए बच्चे के लिए खेल सामान, व्हील चेयर भिजवाया।