सीएम भूपेश बोले, ‘भगवा रंग त्याग का प्रतीक पर योगी कुर्सी से चिपक गए’

सीएम भूपेश बोले, ‘भगवा रंग त्याग का प्रतीक पर योगी कुर्सी से चिपक गए’

रायपुर | छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा- भगवा त्याग का परिचायक है। शिवा जी महाराज ने इसे तब धारण किया जब राजपाठ गुरु को समर्पित कर दिया था। योगी आदित्यनाथ ने भगवा तो पहन लिया, लेकिन संसारिक सुखों का त्याग नहीं किया, वो जातिवाद और हिंसा फैला रहे हैं, साधु होकर हिंसा का मार्ग अपना रहे हैं।

सोमवार को कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भगवा पर बयान दिया था। उनका समर्थन करते हुए भूपेश बघेल ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि यह लोग खुद को साधू कह रहे हैं और न मोह-माया छोड़ रहे न राग द्वेष, चाहे उमा भारती हों या प्रज्ञा ठाकुर। प्रज्ञा को मैं साध्वी नहीं मानता वो जब जुबान खोलती हैं जहर उगलती हैं। यह साधुओं के लक्षण नहीं हैं।

प्रियंका गांधी ने एनआरसी का विरोध करने वालों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई पर उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि इस प्रदेश के सीएम योगी भगवा रंग के वस्त्र पहनते हैं, ये भगवा आपका नहीं है. ये भगवा हिंदुस्तान की धार्मिक आस्था का प्रतीक है, उस धर्म का पालन करना सीखिए, हिंदू धर्म में हिंसा और रंज का कोई स्‍थान नहीं है। मुख्यमंत्री ने बयान दिया था कि वो बदला लेंगे, उसी बयान पर पुलिस चल रही है