युवाओं के लिए राहत:एकलव्य विद्यालयों में 3 हजार पद भरेंगे सात साल पहले हुई थी नियमित भर्ती

राज्यभर के युवाओं के लिए राहत की खबर है कि जल्द ही एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में तीन हजार से ज्यादा शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। केंद्र सरकार ने 2023-24 के बजट में तय किया है कि देशभर के एकलव्य विद्यालयाें में करीब 38 हजार शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। छत्तीसगढ़ में अभी 73 एकलव्य स्कूल हैं। इनमें करीब 65 स्कूलों में नियमित शिक्षक व अन्य कर्मचारियों के पद खाली हैं। एक स्कूल में लगभग 50 पद भरे जाएंगे। यानी 65 स्कूलों में 3250 नियमित शिक्षक और कर्मचारियों की नियुक्ति होगी। राज्य के एकलव्य विद्यालयों में आखिरी बार 2015-16 में नियमित नियुक्ति हुई थी। अब सात साल बाद नियमित भर्ती होगी।
2021 में भी होनी थी भर्ती लेकिन पूरी नहीं हो पाई थी
शिक्षा से जुड़े जानकारों ने बताया कि देश में अभी 364 एकलव्य विद्यालय हैं। जल्द ही इनकी संख्या बढ़कर 700 तक होगी। नए और पुराने एकलव्य स्कूलों में 38 हजार से ज्यादा शिक्षकों की नियुक्ति होगी। 2021 में भी देशभर के एकलव्य विद्यालयों में भर्ती की तैयारी की गई थी। इसके लिए आवेदन भी मंगाए गए थे। इस भर्ती के लिए परीक्षा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) से होनी थी। इसके अलावा 40 नंबर का इंटरव्यू भी राज्यों को अपने स्तर पर लेना था। लेकिन तकनीकी कारण बताकर बाद में भर्ती निरस्त कर दी गई। इस बार दावा किया जा रहा है कि भर्तियां होना तय है। हालांकि इसके लिए पुराने फार्मूला ही अपनाया जाएगा।